AAP का आरोप : बीजेपी के ‘गुंडों’ ने सत्येंद्र जैन के काफिले पर हमला किया

AAP का आरोप : बीजेपी के ‘गुंडों’ ने सत्येंद्र जैन के काफिले पर हमला किया

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के ‘गुंडों' ने यहां उसके वरिष्ठ नेता और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के काफिले पर हमला किया. बीजेपी की दिल्ली इकाई ने आप के इस आरोप को खारिज कर दिया. पार्टी ने कहा कि दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के चावला इलाके के निवासियों ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार की नयी शराब नीति का विरोध किया था. आप ने कई ट्वीट कर आरोप लगाया कि बीजेपी की दिल्ली इकाई ने जैन के काफिले पर हमला करने के लिए अपने ‘‘गुंडों'' को तैनात किया क्योंकि उसे एहसास हो गया है कि वह आगामी नगर निकाय चुनाव हारने जा रही है.

यह भी पढ़ें

माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर पार्टी ने कथित हमले का एक वीडियो फुटेज भी पोस्ट किया. दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ये बीजेपी है. यह गुंडों की पार्टी है. जब वे हार रहे होते हैं, तो वे अपना रूप दिखाते हैं. लोग उन्हें उनकी जगह दिखाएंगे.'' पार्टी सूत्रों ने बताया कि घटना दोपहर करीब 12 बजे गोयला डेयरी-नजफगढ़ नाला पुलिया पर हुई. दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने एक बयान में कहा, ‘‘मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ कोई गुंडागर्दी नहीं हुई, चावला क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने केवल केजरीवाल सरकार की नयी शराब नीति का विरोध किया था.''

उन्होंने कहा, ‘‘यह वास्तव में दुखद है कि एक आंदोलनकारी, आंदोलन से पैदा हुई आम आदमी पार्टी लोगों के विरोध को बर्दाश्त नहीं कर सकती.'' एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब मंत्री नजफगढ़ से गुजर रहे थे तो कुछ लोग उनके वाहन के बोनट पर चढ़ गए और उनका विरोध किया. अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम ‘तुरंत' मौके पर पहुंच गई. अधिकारी ने कहा, ‘‘10-15 मिनट के भीतर रास्ता साफ कर दिया गया और वह बिना किसी व्यवधान के वह शांतिपूर्वक आगे बढ़े.'' पुलिस ने बताया कि अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोई शिकायत मिलती है, तो उसके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.''

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)


Source link https://myrevolution.in/politics/aap-%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%86%e0%a4%b0%e0%a5%8b%e0%a4%aa-%e0%a4%ac%e0%a5%80%e0%a4%9c%e0%a5%87%e0%a4%aa%e0%a5%80-%e0%a4%95%e0%a5%87-%e0%a4%97%e0%a5%81%e0%a4%82%e0%a4%a1%e0%a5%8b%e0%a4%82/?feed_id=15388&_unique_id=62285f81166c6

Comments

Popular posts from this blog

MCU Theory Explains How Iron Man’s EDITH Will Return In Phase 4

January 10 Today in Indian History

June 20 Today in Indian History